सरगुजा

डीके सोनी को नेशनल प्रेस्टीज अवार्ड
18-Jun-2026 8:26 PM
डीके सोनी को नेशनल प्रेस्टीज अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 जून। सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘नेशनल प्रेस्टीज अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें ‘बेस्ट आरटीआई एंड पीआईएल कार्यकर्ता’ की श्रेणी में यह सम्मान प्रदान किया गया।

यह सम्मान 30 मई को कर्नाटक के हुबली स्थित होटल डेनिसंस में ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान,टीवी कलाकार करण मेहरा और अभिनेत्री अशनूर कौर ने ग्लोबल रिसर्च फाउंडेशन के फाउंडर चेयरमैन श्रीधर द्वासकर के साथ डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया।

जानकारी के अनुसार देशभर के 27 राज्यों से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया के बाद जनहित, आदिवासी हित, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सोनी का चयन किया गया।

डॉ. डी.के. सोनी लंबे समय से सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अपनी संस्था सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस के माध्यम से वे आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचाया तथा अनेक मामलों में सफल कानूनी लड़ाई लड़ी है।

सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में जांच और कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए भ्रष्ट अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने में सफलता हासिल की है।

इस सम्मान की खबर से अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में खुशी का माहौल है। अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सोनी ने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें जनहित, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के लिए और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

 उन्होंने भविष्य में भी समाज और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट