सरगुजा

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का घेराव, सीएम के नाम ज्ञापन
18-Jun-2026 8:24 PM
बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का घेराव, सीएम के नाम ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 जून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने गुरुवार को बिजली दरों में की गई वृद्धि, ईंधन प्रभार और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में नमना स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भारी बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए ‘बिजली दर वृद्धि वापस लो’  और ‘अदाणी के स्मार्ट मीटर लगाना बंद करो’  जैसे नारे लगाए।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने हाल ही में बढ़ाई गई विद्युत दरों तथा उपभोक्ताओं पर लगाए जा रहे 12 प्रतिशत ईंधन प्रभार को तत्काल वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों की त्रुटिपूर्ण गणना के कारण उपभोक्ताओं को अनुबंधित भार से अधिक खपत का बिल भेजा जा रहा है तथा अनुबंध भार उल्लंघन के नाम पर अतिरिक्त सरचार्ज लगाकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को स्वैच्छिक बनाने तथा इसकी तकनीकी जांच कराने की मांग भी उठाई। साथ ही अंबिकापुर शहर में हो रही अघोषित बिजली कटौती और रखरखाव कार्यों में कथित लापरवाही का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को शहर की बिजली व्यवस्था को लेकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग ठेकेदारों के सीमित कर्मचारियों के भरोसे बिजली आपूर्ति व्यवस्था संचालित कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की कथित मिलीभगत की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों का बिजली बिल कई गुना बढ़ गया है, जबकि दूसरी ओर बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रदेश में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की ‘बिजली बिल हाफ योजना’  को पुन: लागू करने की मांग करते हुए उपभोक्ताओं को राहत देने की बात कही।


अन्य पोस्ट