सरगुजा

बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला
17-Jun-2026 10:38 PM
बिजली दर वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम का पुतला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 जून। बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने बुधवार को घड़ी चौक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित क्रमिक आंदोलन के तहत किया गया। कांग्रेस ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 18 जून को पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। वहीं इसी दिन नमना स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, जिसमें जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता, किसानों, व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अब तक बिजली दरों में कुल 1.30 रुपये प्रति यूनिट की वृद्धि की है। साथ ही पूर्ववर्ती सरकार की बिजली बिल हाफ योजना को समाप्त कर जनता को राहत से वंचित कर दिया गया है।उन्होंने कहा कि बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि का फैसला जनविरोधी है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बिजली दर वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट