सरगुजा

रामगढ़ दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रैक्टर से टकराई
15-Jun-2026 9:50 PM
रामगढ़ दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रैक्टर से टकराई

महिला की मौत, 12 जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 जून। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर मेंड्राकला के पास रविवार देर शाम एक सडक़ हादसे में रामगढ़ दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सडक़ किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। दुर्घटना में 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से एक वृद्ध महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवरा के श्रद्धालु पिकअप से उदयपुर स्थित रामगढ़ दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए गए थे। रविवार शाम सभी श्रद्धालु वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मेंड्राकला के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप में सवार सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मणिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

 वृद्ध महिला ने तोड़ा दम

हादसे में घायल प्रापदी राजवाड़े (60 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल उषा राजवाड़े को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। दोनों महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। अन्य 10 घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है, जिनमें दो मरीज आईसीयू में भर्ती हैं।

सभी घायल एक गांव के निवासी

पुलिस के अनुसार दुर्घटना में घायल सभी लोग ग्राम केंवरा के निवासी हैं और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मणिपुर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

मालवाहक वाहनों में सफर बना खतरा

इस हादसे के बाद एक बार फिर मालवाहक वाहनों में यात्रियों के सफर को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन की लगातार सख्ती के बावजूद सरगुजा संभाग में पिकअप, ट्रैक्टर और अन्य मालवाहक वाहनों में लोगों के आवागमन का सिलसिला जारी है, जिससे सडक़ दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।


अन्य पोस्ट