सरगुजा

झाड़-फूंक के बहाने युवती से रेप, यूपी का कथित बाबा गिरफ्तार
15-Jun-2026 9:48 PM
झाड़-फूंक के बहाने युवती से रेप, यूपी का कथित बाबा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 जून। झाड़-फूंक और भविष्य सुधारने का झांसा देकर एक युवती से रेप करने के आरोप में गांधीनगर पुलिस ने एक कथित बाबा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी खुद को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से आया बाबा बताकर कॉलोनी में लोगों की समस्याएं दूर करने और झाड़-फूंक करने का दावा कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 जून की सुबह की है। आरोपी अमित गोस्वामी कॉलोनी में घूम-घूमकर लोगों को उनकी समस्याओं और कमियों के बारे में बताकर झाड़-फूंक के नाम पर पैसे और मोबाइल की मांग कर रहा था। इसी दौरान वह पीडि़ता के घर पहुंचा और झाड़-फूंक से अच्छा रिश्ता तथा नौकरी लगने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि आरोपी ने झाड़-फूंक की प्रक्रिया के दौरान पीडि़ता की मां को एक मु_ी चावल लेकर हनुमान मंदिर भेज दिया और बहन को कमरे से बाहर रहने को कहा। इसके बाद उसने पीडि़ता को अपने प्रभाव में लेकर उसके साथ रेप किया।

पीडि़ता की शिकायत पर थाना गांधीनगर में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पीडि़ता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार गोस्वामी निवासी ग्राम सेमरा, थाना घुरपुर, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।


अन्य पोस्ट