सरगुजा

स्वदेशी से ही साकार होगा विकसित भारत-2047 का सपना-अनुराग सिंह देव
15-Jun-2026 9:48 PM
स्वदेशी से ही साकार होगा विकसित भारत-2047 का सपना-अनुराग सिंह देव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 जून। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। स्वदेशी केवल उत्पाद नहीं, बल्कि जीवनशैली, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। यह बात छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के दो दिवसीय प्रांतीय विचार वर्ग एवं प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में कही।

होटल माखन विहार में 13 एवं 14 जून को आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के चारों संभागों से आए लगभग 200 कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, उद्यमिता, युवा सशक्तिकरण, ऊर्जा संरक्षण और वर्तमान आर्थिक परिदृश्य जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार से जोडक़र स्वदेशी को बढ़ावा दे रही हैं। आज देश आलू के चिप्स से लेकर माइक्रोचिप तक के निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में सरगुजा के पूर्व विभाग संघ संचालक सुभाष अग्रवाल ने भी संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को अपने दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुओं के स्वदेशी और विदेशी होने का ध्यान रखना चाहिए तथा स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल तथा क्षेत्रीय संयोजक सुधीर दाते ने संगठन निर्माण, टीम वर्क और नेतृत्व विकास पर बल देते हुए कहा कि जागरूक एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं, उद्यमियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

कार्यक्रम के अंत में सरगुजा संभागीय संयोजक राजकिशोर चौधरी ने अतिथियों, प्रांत से आए कार्यकर्ताओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अश्वनी महाजन, दिनेश पाटिल, सुब्रत चाकी, दिग्विजय भाकरे, उमेश पासवान, संजय चौवे, सुमन मुथा, शंकर त्रिपाठी, उपेंद्र यादव, किरण सिंह, ठाकुर राम राजवाड़े, योगेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में समीर श्रीवास्तव, शुभम अग्रवाल, कुसुम वर्मा, हेमलता पात्र, प्रांशु पांडे, खुशबू गुप्ता, आशीष कुमार दोहरे, हर्षित गुप्ता, जितेंद्र पटेल और प्रेमशंकर द्विवेदी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।


अन्य पोस्ट