सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,14 जून। जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत राजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढ़ाबगीचा में ‘मोर गाँव-मोर पानी’ महा अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने स्वयं खेत में गड्ढा खोदकर अभियान की शुरुआत की और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से 5 प्रतिशत मॉडल को बढ़ावा देना है, जिसके तहत किसान अपने खेत के एक हिस्से में जल संरक्षण संरचनाएं विकसित कर वर्षा जल का संग्रहण करेंगे। इससे भू-जल स्तर बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं में सुधार और भविष्य में जल संकट से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि ‘मोर गाँव-मोर पानी’ महा अभियान की शुरुआत 5 जून 2026 से की गई है। अभियान के अंतर्गत जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों को अपने खेतों में श्रमदान करते हुए 5 प्रतिशत मॉडल अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जल संरक्षण को केवल सरकारी योजना तक सीमित न रखकर जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक सामाजिक अभियान बनाना है।
इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणी महराज ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढिय़ों के सुरक्षित भविष्य के लिए आज से ही जल संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने शासन की विभिन्न जल संरक्षण योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुडऩे और अपने गांव को जल समृद्ध बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय दुबे, पंचायत इंस्पेक्टर फुलमोहन राम, पूर्व सरपंच ललन राम, सचिव देवीदयाल मरावी, रामदीन राम, कृष्णा गुप्ता, विक्की गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।-


