सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 14 जून। अमेरा खुली खदान से कोयला परिवहन करने वाले ट्रक मालिक संघ और ट्रांसपोर्टरों (लिफ्टरों) के बीच कोयला लोडिंग व भाड़े को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में ट्रक मालिक संघ ने अपनी सात सूत्रीय मांगें ट्रांसपोर्टरों के समक्ष रखी हैं और मांगें पूरी न होने पर परिवहन बंद करने की चेतावनी दी है।
ट्रक मालिक संघ की प्रमुख मांगों में छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में कोयला परिवहन के लिए अधिकतम भाड़ा तय किया जाए। टू-पॉइंट लोडिंग में बाहर की गाडिय़ों को लोड न किया जाए। बिल्टी जमा करने की रसीद मिलने के 10 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित हो। कोयला शॉर्टेज (वजन में कमी) होने पर 100 किलोग्राम तक की छूट दी जाए। बिल्टी कमीशन अधिकतम 2,000 रुपये निर्धारित हो। खनिज (कोयला) निर्धारित स्थान पर पहुंचने के अधिकतम 48 घंटे के भीतर गाड़ी खाली की जाए।
:संघ द्वारा विभिन्न रूटों के लिए निम्नलिखित भाड़ा तय करने की मांग की गई है-महासमुंद- 1,600 रुपये प्रति टन, रायपुर- 1,500 रुपये प्रति टन, बिलासपुर/रायगढ़/चांपा- 1,200 से 1,300 रुपये प्रति टन, अन्य स्थान- दूरी के आधार पर अलग-अलग दरें।
परिवहन बंद करने की चेतावनी
ट्रक मालिक संघ के सदस्य सुरेश साहू ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि इन सात सूत्रीय मांगों को लेकर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि यदि ट्रांसपोर्टर इन मांगों को स्वीकार नहीं करते हैं, तो 15 जून से अमेरा खुली खदान से कोयले का परिवहन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और कोई भी ट्रक लोडिंग नहीं करेगा।
संघ के सदस्यों का कहना है कि ईंधन (डीजल) की कीमतों और परिचालन व्यय को देखते हुए वर्तमान भाड़े में की जा रही कटौती से उन्हें नुकसान हो रहा है। ऐसी स्थिति में मांगें पूरी न होने पर संघ अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होगा।
इस बैठक के दौरान संबंधित ट्रांसपोर्टर, लिफ्टर और बड़ी संख्या में ट्रक मालिक उपस्थित थे।