सरगुजा

भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने लगाया नि:शुल्क विधिक सहायता शिविर, लोगों को मिला कानूनी परामर्श
13-Jun-2026 9:43 PM
भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने लगाया नि:शुल्क विधिक सहायता शिविर, लोगों को मिला कानूनी परामर्श

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 13 जून। भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ, सरगुजा द्वारा शनिवार को संकल्प भवन, अम्बिकापुर में नि:शुल्क विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों की विभिन्न कानूनी समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर में मैनपाट के कमलेश्वरपुर निवासी अहिवरन दास एवं मटकू दास पारिवारिक बंटवारा संबंधी मामले को लेकर पहुंचे, जबकि राम उरांव अपने चार भाइयों के बीच भूमि विवाद के समाधान के लिए उपस्थित हुए। वहीं ग्राम भकुरा, तहसील अम्बिकापुर के बिजली उपभोक्ता लवांग साय अपनी पत्नी प्रभा विश्वकर्मा के साथ अत्यधिक बिजली बिल की समस्या को लेकर शिविर में पहुंचे। उनका बिजली बिल 38 हजार 660 रुपये आने की शिकायत थी।

शिविर में मौजूद अधिवक्ताओं ने सभी मामलों में संबंधित हितग्राहियों को नि:शुल्क कानूनी सहायता, आवश्यक परामर्श तथा आवेदन तैयार कर उपलब्ध कराया। इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उचित कानूनी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम अतिथि विद्याभूषण श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश सदस्य श्यामलाल गुप्ता, संजीव कुमार सेठ, अरविन्द कन्नौजिया, उदयप्रकाश सिन्हा, आशा जायसवाल, विवेक पाण्डेय, धनंजय मिश्रा, अमरेन्द्र गुप्ता, ज्योति मंडल एवं विजया सिदार सहित अन्य अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि विधिक सहायता शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को सरल एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विधि प्रकोष्ठ द्वारा इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।


अन्य पोस्ट