सरगुजा

आरपीए कृषि फार्म करजी में अनियमितता, 56 बोरी यूरिया के विक्रय पर प्रतिबंध
13-Jun-2026 9:41 PM
आरपीए कृषि फार्म करजी में अनियमितता, 56 बोरी यूरिया के विक्रय पर प्रतिबंध

अम्बिकापुर,13 जून। कृषि विभाग द्वारा जिले में खाद एवं उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार औचक निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 जून को विकासखंड अंबिकापुर अंतर्गत आरपीए कृषि फार्म, करजी में ब्लॉक स्तरीय जांच दल द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कृषि फार्म में उपलब्ध उर्वरकों के भौतिक स्टॉक तथा पी.ओ.एस.  मशीन में दर्ज स्टॉक रिकॉर्ड का मिलान किया गया, जिसमें असमानता एवं अन्य अनियमितताएं पाई गईं।

जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर कृषि विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्म में उपलब्ध 56 बोरी यूरिया के विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है।

उप संचालक कृषि पीतांबर सिंह दीवान ने कहा है कि  खाद एवं उर्वरकों के भंडारण, वितरण और विक्रय में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है तथा आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।


अन्य पोस्ट