सरगुजा
उदयपुर, 11 जून। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम तेज बारिश के दौरान हुए सडक़ हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित विवान फ्यूल्स पेट्रोल पंप के समीप हुई। हादसे के समय मौसम खराब होने के कारण घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केसगवां मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक प्रदीप कश्यप (50) अपने साथी भुनेश्वर राजवाड़े (32) के साथ सीडी डिलक्स मोटरसाइकिल से उदयपुर से लखनपुर की ओर जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे तेज बारिश के बीच उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रदीप कश्यप को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल भुनेश्वर राजवाड़े को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।बताया जा रहा है कि हादसे में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस के अनुसार दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोटें घातक साबित हुईं।
घटना के समय क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के कारण यातायात प्रभावित था। कई वाहन चालक सडक़ किनारे रुक गए थे, जिसके चलते दुर्घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिल सका।
उदयपुर पुलिस ने मृतक शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।


