सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 11 जून। अमेरा कोयला खदान में कोयला परिवहन के लिए निर्धारित भाड़े में कटौती किए जाने के विरोध में लखनपुर ट्रक मालिक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। संघ ने आरोप लगाया है कि परिवहन कंपनियों द्वारा प्रति टन भाड़े में 300 रुपये की कमी कर दी गई है, जिससे स्थानीय ट्रक संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मांगें पूरी नहीं होने पर 15 जून से खदान में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
गुरुवार दोपहर ट्रक मालिक संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य अमेरा खदान पहुंचे और परिवहन कंपनियों तथा लिफ्टरों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पूर्व में निर्धारित भाड़ा दरों को यथावत रखने की मांग की। संघ का कहना है कि महासमुंद के लिए 1700 रुपये प्रति टन, तिल्दा के लिए 1500 रुपये तथा रायगढ़ के लिए 1300 रुपये प्रति टन की दर से भाड़ा दिया जाता था, लेकिन हाल में इसमें 300 रुपये प्रति टन की कटौती कर दी गई है।
ट्रक मालिकों का कहना है कि डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स एवं अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके अलावा प्रत्येक चक्कर में हजारों रुपये का टोल टैक्स भी देना पड़ता है। ऐसे में भाड़ा कम होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और वाहन मालिकों को घाटा उठाना पड़ रहा है।
संघ ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय ट्रकों को प्राथमिकता देने के बजाय अन्य राज्यों, विशेषकर नागालैंड से ट्रक बुलाकर अमेरा खदान से रायपुर, तिल्दा, रायगढ़ और महासमुंद के लिए कोयला परिवहन कराया जा रहा है। ट्रक मालिकों ने इसे स्थानीय परिवहन व्यवसायियों के हितों के खिलाफ बताते हुए आपत्ति जताई है।
ट्रक मालिक संघ के सदस्य सुरेश साहू ने आरोप लगाया कि बाहरी राज्यों के ट्रकों द्वारा छत्तीसगढ़ में कोयला लोड कर परिवहन किया जा रहा है, जो परिवहन नियमों के विपरीत है। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि पूर्व की भाड़ा दरें बहाल नहीं की गईं और स्थानीय ट्रकों को प्राथमिकता नहीं दी गई, तो 15 जून से अमेरा खदान में हड़ताल शुरू की जाएगी। संघ को सरगुजा संभाग के अन्य ट्रक मालिक संगठनों का भी समर्थन मिलने की बात कही गई है।
इस दौरान सुरेश साहू, एकलाख खान, नुमान खान, संतोष साहू, अवधेश साहू, केडी पाठक सहित बड़ी संख्या में ट्रक मालिक एवं वाहन संचालक उपस्थित रहे।


