सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 जून। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर मंगलवार देर रात हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। भिट्टीकला के पास तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार (सीजी 04 क्यूएस 4079) अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक दीपक सोनी किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा। उसे तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं कार में सवार तेजपाल (19) वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तेज बारिश के बीच पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, मृतक तेजपाल ग्राम अमगसी का निवासी था। वह मंगलवार शाम घर से लखनपुर जाने की बात कहकर निकला था। वहां उसकी मुलाकात नरकालो निवासी दीपक सोनी से हुई। दोनों बाद में कार से अंबिकापुर गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय हो रही तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण चालक सडक़ किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख पाया, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। युवक की असमय मौत से परिजनों और गांव में शोक का माहौल है।


