सरगुजा

डायल-112 टीम पर हमला करने वाले 4 बंदी
10-Jun-2026 10:27 PM
डायल-112 टीम पर हमला करने वाले 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 जून। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महोरा में डायल-112 की टीम को बंधक बनाकर आरक्षक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 3 जून को डायल-112 को महोरा स्थित आम बगीचा के पास कुछ लोगों के बीच विवाद होने की सूचना मिली थी। सूचना पर आरक्षक रामसाय नागेश, बहाल राम तथा वाहन चालक डेविड कुजूर मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग शराब के नशे में आपस में विवाद करते मिले, जो पुलिस वाहन को देखकर वहां से भाग निकले।

बताया गया कि टीम लौट रही थी, तभी कुछ ग्रामीण डंडा और लोहे की रॉड लेकर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दिलबर, आकाश और उनके साथियों ने डायल-112 टीम को काफी देर तक रोके रखा तथा आरक्षक बहाल राम पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में आरक्षक बहाल राम के सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। अधिक रक्तस्राव होने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद आरक्षक रामसाय नागेश और चालक डेविड कुजूर ने उन्हें तत्काल लुंड्रा अस्पताल पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया।

घटना के संबंध में आरक्षक रामसाय नागेश की रिपोर्ट पर लुंड्रा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी दिलबर और आकाश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।


अन्य पोस्ट