सरगुजा
पीडि़त परिवार ने मांगी राहत सहायता
अंबिकापुर, 10 जून। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोहनपुर में मंगलवार देर रात आए आंधी-तूफान ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के चलते गांव निवासी बन्धन का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन सौभाग्यवश सभी सुरक्षित बच निकले और कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान के धराशायी होने से घर में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। पीडि़त परिवार के अनुसार दुर्घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद परिवार के सामने रहने और दैनिक जरूरतों की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-तूफान का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और विद्युत तार टूटकर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं तेज हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ उखडक़र सडक़ों पर गिर पड़े, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और कुछ स्थानों पर आवागमन बाधित रहा।
पीडि़त परिवार ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, सडक़ों से गिरे पेड़ों को हटाने तथा जरूरतमंद परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किए जाने की प्रतीक्षा की जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत प्रदान की जाएगी।


