सरगुजा

किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, खाद संकट व बिजली बिल वृद्धि का उठाया मुद्दा
10-Jun-2026 10:22 PM
किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, खाद संकट व बिजली बिल वृद्धि का उठाया मुद्दा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 10 जून। प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर सरगुजा जिला किसान कांग्रेस ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

 किसान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता एवं ग्रामीण अध्यक्ष नागेश्वर यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अजीत वसंत को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए खरीफ सीजन से पहले खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में प्रति एकड़ खाद की मात्रा में कटौती, खाद एवं बीज संकट, बिजली बिल में वृद्धि, डीजल की सुगम उपलब्धता, फसलों की बिक्री के बाद एकमुश्त भुगतान तथा किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।

किसान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खाद की कमी से किसानों की उत्पादन क्षमता प्रभावित होगी, जिससे उनकी आय और आजीविका पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। शहर अध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण छोटे एवं सीमांत किसानों के सामने संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

वहीं ग्रामीण अध्यक्ष नागेश्वर यादव ने बिजली बिलों में वृद्धि को किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया।

प्रदेश किसान कांग्रेस के महामंत्री नुरुल अमीन सिद्दीकी ने पेट्रोल पंपों पर जरीकैन में डीजल बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध को किसानों के लिए परेशानी का कारण बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। साथ ही धान खरीदी के बाद किसानों को एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई।

इस अवसर पर पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की सहित किसान कांग्रेस एवं कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट