सरगुजा
भाजपा जरही मंडल की बैठक संपन्न
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जरही, 10 जून। भारतीय जनता पार्टी जरही मंडल की मासिक बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना तथा आयुष्मान भारत योजना को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया।
इस दौरान ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय तक - मोदी सरकार के 12 साल’ विषय पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और प्रत्येक बूथ स्तर तक सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
मुख्य अतिथि विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाएं पहुंचाने के लिए समर्पित संगठन है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल प्रभारी ललित गोयल, जिला किसान मोर्चा महामंत्री राजकुमार गुप्ता, अशोक गुप्ता, राजनाथ सिंह पैकरा, गोपाल शरण सिंह, लालसाय नेताम, सुरेंद्र जायसवाल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अभय तिवारी, इंदू सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष पुरन राजवाड़े, मंडल महामंत्री लालसाय पावले, महिला मोर्चा अध्यक्ष मीना श्रीवास्तव, ज्योति कला पैकरा, विधायक प्रतिनिधि विश्वजीत सोनी, सह मीडिया प्रभारी नागेंद्र सिंह पप्पू, सौरभ गुप्ता, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रतीक जैसवाल, राजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।


