सरगुजा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
लखनपुर,7 जून। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अमगसी बूढ़ा नवापारा में रविवार को एक महिला पंच की लाश पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटकी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सनीता पैकरा (25 वर्ष), पति आलोक पैकरा, निवासी ग्राम अमगसी के रूप में हुई है। वह ग्राम पंचायत की पंच भी थीं।
परिजनों के अनुसार सनीता रविवार तड़के करीब 5 बजे जंगल से लकड़ी लाने की बात कहकर घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान गांव के समीप जंगल क्षेत्र में पेड़ पर उनका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलने पर लखनपुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना से गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।


