सरगुजा
सीएसपी ने बैंक प्रबंधकों को दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 जून। साइबर अपराधों से जुड़े बैंक खातों की अभिरक्षा, धन वापसी और शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राहुल बंसल ने शहर के विभिन्न बैंक शाखा प्रबंधकों की बैठक ली।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित बैठक में बैंकिंग सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और खाताधारकों की शिकायतों के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा जारी एनसीआरपी-सीएफसीएफआरएमएस मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के संबंध में जानकारी दी गई। इसमें बैंक खातों के फ्रीज या लीन होने की स्थिति में उन्हें अनफ्रीज करने की प्रक्रिया, पीडि़तों को राशि वापस दिलाने की व्यवस्था तथा शिकायतों के निराकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
सीएसपी ने बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए सभी शाखाओं में सुरक्षाकर्मी नियुक्त करने, उच्च गुणवत्ता और पर्याप्त स्टोरेज क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, सक्रिय सायरन व्यवस्था बनाए रखने तथा समय-समय पर सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल और डेमो आयोजित करने को कहा। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा ग्राहकों को बड़ी राशि निकालने के बाद सतर्क रहने के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जीआरएम पोर्टल के माध्यम से बैंक खाताधारकों को होल्ड या लीन राशि से संबंधित शिकायतों के समाधान में सुविधा मिलेगी। खाताधारक सीधे अपनी बैंक शाखा में आवेदन कर सकेंगे, जिसके बाद संबंधित बैंक पोर्टल के माध्यम से प्रक्रिया पूरी कर 90 दिनों के भीतर शिकायत का निराकरण सुनिश्चित करेगा।
बैठक में थाना गांधीनगर प्रभारी प्रवीण द्विवेदी, थाना प्रभारी मणिपुर सी.पी. तिवारी, साइबर सेल के उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, वीरेंद्र पैंकरा, प्रदीप केरकेट्टा सहित शहर के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
अब खाताधारकों को नहीं लगानी पड़ेगी कार्यालयों के चक्कर
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अब किसी खाताधारक को अपने होल्ड या लीन खाते को हटवाने के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी। संबंधित व्यक्ति ट्रांजेक्शन की संपूर्ण जानकारी एवं आवश्यक केवाईसी दस्तावेजों के साथ अपनी बैंक शाखा में आवेदन प्रस्तुत कर सकेगा। आवश्यक होने पर पुलिस नोटिस जारी कर संबंधित व्यक्ति को तलब कर सकेगी तथा जांच प्रक्रिया में वीडियो कॉलिंग की सुविधा का भी उपयोग किया जा सकेगा।