सरगुजा

15 हिरणों की मौत में पीएम रिपोर्ट नहीं मिलने पर प्रथम अपील करेंगे-परवेज गांधी
06-Jun-2026 8:12 PM
15 हिरणों की मौत में पीएम रिपोर्ट नहीं मिलने पर प्रथम अपील करेंगे-परवेज गांधी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 जून। संजय पार्क स्थित वन विभाग परिसर में कथित रूप से 15 हिरणों की मृत्यु के मामले में मांगी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच समिति की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराए जाने पर कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने प्रथम अपील दायर करने की घोषणा की है।

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर 15 हिरणों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा सीसीएफ सरगुजा द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट की सत्यापित प्रतिलिपि मांगी थी। यह आवेदन 8 मई 2026 को संबंधित विभाग को दिया गया था।

जनसूचना अधिकारी एवं वनपरिक्षेत्राधिकारी, अंबिकापुर द्वारा पत्र क्रमांक 1394 दिनांक 1 जून 2026 के माध्यम से जवाब देते हुए बताया गया कि मांगी गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच समिति की रिपोर्ट उनके कार्यालय में उपलब्ध नहीं है, इसलिए सूचना प्रदान किया जाना संभव नहीं है।

विभाग से प्राप्त उत्तर पर असंतोष व्यक्त करते हुए परवेज गांधी ने कहा कि यदि मांगी गई सूचना संबंधित कार्यालय में उपलब्ध नहीं थी तो सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवेदन को संबंधित कार्यालय में स्थानांतरित (ट्रांसफर) किया जाना चाहिए था। उनका आरोप है कि ऐसा नहीं किया गया, जो अधिनियम की भावना के विपरीत है।

परवेज गांधी ने बताया कि वे सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 19(1) के तहत प्रथम अपील प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने अपील में यह जानकारी मांगे जाने की बात कही है कि 15 हिरणों की मृत्यु से संबंधित पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच समिति की रिपोर्ट वर्तमान में किस कार्यालय के अभिरक्षण में उपलब्ध है तथा संबंधित अभिलेखों की सत्यापित प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की मौत जैसे गंभीर मामले में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है और जांच से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।


अन्य पोस्ट