सरगुजा

म्यूल अकाउंट, 2 गिरफ्तार, कई राज्यों से दर्ज थीं साइबर ठगी की शिकायतें
05-Jun-2026 10:18 PM
म्यूल अकाउंट, 2 गिरफ्तार, कई राज्यों से दर्ज थीं साइबर ठगी की शिकायतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 5 जून। सरगुजा पुलिस द्वारा म्यूल अकाउंट और साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों के बैंक खातों के विरुद्ध महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात एवं छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज थीं।

थाना कोतवाली पुलिस ने इण्डियन बैंक एवं बैंक ऑफ महाराष्ट्र में संचालित दो संदिग्ध खातों की जांच की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सूरज कुमार कश्यप निवासी नमनाकला, अंबिकापुर के नाम से संचालित खातों के विरुद्ध साइबर पुलिस पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं। जांच में इन खातों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 2 लाख 4 हजार 200 रुपये का लेन-देन पाया गया। मामले में थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सूरज कुमार कश्यप तथा धीरज सिंह निवासी फुंडूरडिहारी, अंबिकापुर से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि संबंधित बैंक खातों की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए उपलब्ध कराए गए थे। पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट