सरगुजा

म्यूल अकाउंट, एक और गिरफ्तार
04-Jun-2026 8:42 PM
म्यूल अकाउंट, एक और गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 जून। साइबर ठगी में उपयोग किए जाने वाले म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और बैंक खातों के खिलाफ सरगुजा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गांधीनगर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट प्रकरण में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गांधीनगर में दर्ज अपराध के तहत पूर्व में मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी राहुल गुप्ता के कब्जे से नीरज गुप्ता निवासी गौशाला रोड डिगमा, अंबिकापुर के नाम पर संचालित एसबीआई, सेंट्रल बैंक एवं यूको बैंक के पासबुक बरामद किए गए थे।

जांच में इन खातों में बड़े पैमाने पर लेनदेन तथा साइबर फ्रॉड से संबंधित राशि का ट्रांजेक्शन पाया गया।

पूछताछ में नीरज गुप्ता ने बताया कि उसने तीन हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से अपने तीन बैंक खाते तथा अपने भाई पंकज का एक बैंक खाता आरोपी विकास किर्तनिया को बेच दिया था। खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेनदेन में किया जा रहा था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने नीरज गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। 19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड स्थित एसबीआई शाखा के समीप किराए के मकान में रहकर राहुल गुप्ता युवकों को आर्थिक लाभ का लालच देकर उनके नाम से सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाता था तथा उन खातों का उपयोग धोखाधड़ी और अन्य अपराधों में होने वाले पैसों के लेनदेन के लिए करता था।

सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।


अन्य पोस्ट