सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जून। सरगुजा राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व मुख्य सचिव स्व. मदनेश्वर शरण सिंहदेव (एम.एस. सिंहदेव) की 96वीं जयंती मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत राजीव भवन में स्व. सिंहदेव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरगुजा क्षेत्र के विकास तथा प्रशासनिक क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। इसके उपरांत प्रतीक्षा बस स्टैंड परिसर में स्थापित स्व. एम.एस. सिंहदेव एवं स्व. राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की युगल प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। वहीं माँ महामाया मंदिर में भंडारे का आयोजन भी किया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि स्व. सिंहदेव ने राजपरिवार से संबंध रखने के बावजूद जनसेवा को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। वर्ष 1954 में भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होने के बाद उन्होंने कलेक्टर, संभागायुक्त, सचिव तथा संयुक्त मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मध्यप्रदेश योजना आयोग का उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था।
उन्होंने बताया कि भूमिहीन परिवारों को भूमि अधिकार दिलाने में सिंहदेव योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 1971 में राजस्व विभाग के सचिव रहते हुए उन्होंने किसानों के हित में ऋण पुस्तिका योजना का सुझाव दिया था, जिसे तत्कालीन सरकार ने लागू किया। यह योजना भू-राजस्व प्रशासन में एक महत्वपूर्ण सुधार मानी गई और आज भी किसानों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, जे.पी. श्रीवास्तव, डॉ. अजय तिर्की, शफी अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


