सरगुजा

चादर-संदलपोशी के साथ हजरत सैयद जामाशाह बाबा का सालाना उर्स शुरु
31-May-2026 9:27 PM
 चादर-संदलपोशी के साथ हजरत सैयद जामाशाह बाबा का सालाना उर्स शुरु

रात में कव्वाली का मुकाबला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 31 मई। विकासखंड के ग्राम बंधा जूनाडीह स्थित हजरत सैयद जामाशाह बाबा की दरगाह पर 50वें सालाना उर्स का शुभारंभ रविवार को संदल एवं चादरपोशी के साथ हुआ। उर्स के अवसर पर अंबिकापुर के आजाद धुमाल दल ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

अंजुमन गौसिया कमेटी के सरपरस्ती तथा उर्स कमेटी अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंहदेव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। लखनपुर जामा मस्जिद से बाबा की संदल और चादरपोशी का जुलूस तिरंगा झंडों एवं गाजा-बाजे के साथ निकाला गया, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दरगाह परिसर पहुंचा। यहां बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अकीदतमंदों ने श्रद्धा अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान मिलाद शरीफ एवं फातिहा खानी का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के बीच शीरनी का वितरण किया गया। चादरपोशी के साथ ही दो दिवसीय सालाना उर्स का विधिवत शुभारंभ हो गया।

उर्स के दूसरे चरण में रविवार रात 8 बजे से दरगाह परिसर में भव्य कव्वाली मुकाबले का आयोजन किया जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आए प्रसिद्ध कव्वाल हबीब पेंटर तथा नागपुर की मशहूर कव्वाला सीमा सबा अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन को लेकर उर्स कमेटी द्वारा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

उर्स कमेटी ने नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कव्वाली मुकाबले का आनंद लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


अन्य पोस्ट