सरगुजा

राजीव गांधी पीजी कॉलेज में प्रवेश शुरू
31-May-2026 9:19 PM
राजीव गांधी पीजी कॉलेज में प्रवेश शुरू

स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 1 जून से आवेदन प्रारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 मई। संभाग के सबसे बड़े एवं एकमात्र स्वशासी महाविद्यालय राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने की अपील की है।

महाविद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्तमान में सभी संकायों के स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की प्रक्रिया 1 जून 2026 से प्रारंभ कर दी गई है।

स्वशासी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ-साथ अन्य कक्षाओं के प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश भी क्रमश: जारी किए जाएंगे।

महाविद्यालय में कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर एवं विधि सहित विभिन्न विषयों में अध्ययन की उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं कौशल विकास के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सुविधाएं, डिजिटल शिक्षण संसाधन तथा अनुभवी प्राध्यापकों का मार्गदर्शन भी उपलब्ध है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कर अपने इच्छित पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराते हुए उन्हें रोजगारोन्मुख एवं समाजोपयोगी शिक्षा प्रदान करना है।

प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों का अवलोकन कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश, मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करने संबंधी समस्त जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट एवं सूचना पट्ट पर समय-समय पर प्रदर्शित की जाएगी।

महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचने तथा केवल महाविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

 


अन्य पोस्ट