सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई। नवतपा के पांचवें दिन शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट लेते हुए अंबिकापुर शहर और आसपास के क्षेत्रों को झमाझम बारिश से सराबोर कर दिया। तेज हवाओं, बादलों की गर्जना और बिजली की कडक़ड़ाहट के साथ शुरू हुई बारिश करीब एक घंटे से अधिक समय तक जारी रही, जिससे पूरा शहर पानी-पानी हो गया।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश ने बड़ी राहत दी। दोपहर तक तेज धूप और गर्म हवाओं से जनजीवन प्रभावित था, लेकिन शाम होते-होते मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
लगातार हुई बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सडक़ें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। सडक़ों पर पानी भरने से कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
हालांकि बारिश के चलते लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने सुहाने मौसम का आनंद लिया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम में इसी तरह उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है। विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। नवतपा के दौरान हुई इस बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत पहुंचाई है।


