सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई। सीतापुर में विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के बीच हुए विवाद और दोनों पक्षों पर दर्ज एफआईआर को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्र ने कहा कि यह घटना राज्य सरकार के सुशासन के दावों की वास्तविकता उजागर करती है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि विधायक, उनके समर्थकों और नायब तहसीलदार के बीच हुई झड़प, मारपीट तथा आरोप-प्रत्यारोप की स्थिति यह दर्शाती है कि प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित नहीं हो रही है। उन्होंने विधायक और उनके समर्थकों के व्यवहार को निंदनीय बताते हुए कहा कि दूसरी ओर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी आम जनता लंबे समय से असंतोष व्यक्त करती रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राजस्व कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता का अभाव है, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय तक चक्कर काटने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच टकराव की स्थिति उत्पन्न होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
द्वितेंद्र मिश्र ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनसुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने महंगाई, किसानों-मजदूरों की समस्याओं, राशन वितरण व्यवस्था तथा बिजली, पानी और सडक़ जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सरकार को घेरा।
कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आम नागरिकों के साथ मिलकर व्यापक जनअभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में ‘कहां है सरकार, किसे कहते हैं सुशासन’ अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाएगी और सरकार से जवाब मांगेगी।


