सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई। छत्तीसगढ़ सेल्स प्रमोशन एम्प्लाइज यूनियन (सीजीएसपीईयू) अंबिकापुर इकाई द्वारा शनिवार को सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) का 56वां स्थापना दिवस ध्वजारोहण एवं सभा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रात: 8 बजे चोपड़ापारा स्थित यूनियन कार्यालय में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन के उपाध्यक्ष कॉम. विमल शर्मा द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद आयोजित सभा को कॉम. जितेंद्र सिंह सोढ़ी (भूतपूर्व उपाध्यक्ष, सीटू छत्तीसगढ़), कॉम. अनंत सिन्हा (छत्तीसगढ़ पेंशनर कल्याण संघ) तथा कॉम. प्रकाश नारायण सिंह (सह महासचिव, सीजीएसपीईयू) ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में देश में बढ़ती साम्राज्यवादी आक्रामकता, कॉरपोरेट समर्थक नीतियों, विभाजनकारी एवं दमनकारी राजनीति तथा चार श्रम संहिताओं का विरोध करते हुए श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर धनबाद में एक दवा कंपनी में कार्यरत मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव चिराग की कथित आत्महत्या पर भी शोक व्यक्त किया गया। यूनियन पदाधिकारियों और सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अत्यधिक बिक्री दबाव के लिए कंपनी प्रबंधन की आलोचना की और विरोध स्वरूप नारेबाजी की।
कार्यक्रम में कॉम. अजय कुमार विवेक, कॉम. धर्मेंद्र कुमार, कॉम. पंकज सिंह, कॉम. शेखर पुष्प, कॉम. शेखर ज्योति, कॉम. जय प्रकाश शर्मा, कॉम. संतोष कुमार, कॉम. संतोष महाराणा, कॉम. सुनील साहू, कॉम. दीपक साहू, ऋषभ सिंह, संतोष विश्वकर्मा, अजय गुप्ता, शशांक शेखर, चन्द्रहास शर्मा, योगेश मिश्रा, परीक्षित तिवारी सहित बड़ी संख्या में मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी सीजीएसपीईयू अंबिकापुर इकाई के सचिव कॉम. रघुनाथ प्रधान ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।


