सरगुजा

राज्य स्तर फास्ट फाइव नेटबॉल चैम्पियनशिप में सरगुजा की महिला व पुरुष टीम लेंगी हिस्सा
30-May-2026 10:23 PM
राज्य स्तर फास्ट फाइव नेटबॉल चैम्पियनशिप में सरगुजा की महिला व पुरुष टीम लेंगी हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 मई। नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय सीनियर फास्ट फाइव राज्य स्तरीय नेटबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन 30 एवं 31 मई को जांजगीर-चांपा में किया जाएगा। प्रतियोगिता में सरगुजा जिले की महिला एवं पुरुष टीम हिस्सा लेते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन सरगुजा के सचिव रजत सिंह ने बताया कि खिलाडिय़ों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और नियमित प्रशिक्षण के आधार पर किया गया है। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

महिला वर्ग की टीम में खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, सिमरन भगत, अनामिका चौबे, सीमा नागेशिया, रुद्राक्षी जैन, उमा वर्मा, पारिधि, दिव्यांशी सिंह, निर्झर, काव्या पैंकरा, आद्या करण कश्यप, अनोखी पिहू गुप्ता, दीपशिखा, ग्रेसी, आन्या जैन, आन्या शर्मा एवं एलिशिबा तिर्की को शामिल किया गया है। वहीं पुरुष वर्ग की टीम में आयुष बारी, आयुष सिंह, ओम प्रकाश यादव, अमन ठाकुर, ऋत्विक राज गुप्ता, अथर्व अग्रवाल, शेखर ठाकुर और देवांश भगत का चयन हुआ है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरगुजा जिले में नेटबॉल खेल लगातार लोकप्रिय हो रहा है और बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी इससे जुड़ रहे हैं। गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में नियमित प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरगुजा के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन करेंगे।

प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाडिय़ों को एमआईसी सदस्य मनीष सिंह, एमआईसी सदस्य प्रियंका गुप्ता, समाजसेवी सत्येंद्र सिंह एवं अमितेश पांडेय सहित सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ, नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाडिय़ों ने शुभकामनाएं दी हैं।

सभी ने टीम के सफल प्रदर्शन और पदक जीतकर लौटने की उम्मीद जताई है।


अन्य पोस्ट