सरगुजा

एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट: रविवार को खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले
30-May-2026 10:21 PM
एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट: रविवार को खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल मुकाबले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 मई। एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 अब अपने रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। लगातार बारिश से प्रभावित मुकाबलों के बाद रविवार को गांधी स्टेडियम में दोनों सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे, जिनके विजेता फाइनल में प्रवेश करेंगे।

पहले सेमीफाइनल में सरगुजा रॉयल का मुकाबला सरगुजा रेस्ट ऑफ ब्लू से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में विनायकम और सीडब्ल्यूआरडी की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबले निर्धारित समय शाम 5 बजे से शुरू होंगे।

टूर्नामेंट के दौरान खराब मौसम ने खेल कार्यक्रम को प्रभावित किया। शुक्रवार को बारिश के कारण निर्धारित मैच रद्द करने पड़े, जिसके बाद प्रतियोगिता नियमों के अनुसार संबंधित टीमों को एक-एक अंक प्रदान किया गया। इस निर्णय का सीधा असर अंक तालिका पर पड़ा और सेमीफाइनल की तस्वीर बदल गई।

सीडब्ल्यूआरडी और विनायकम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं सरगुजा रॉयल ने पूर्व प्रदर्शनों और अतिरिक्त अंक के सहारे अंक तालिका में बढ़त बनाते हुए अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित किया। अब उसका सामना रेस्ट ऑफ ब्लू से होगा।

सेमीफाइनल मुकाबलों से पहले सभी टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरगुजा रॉयल तेज गेंदबाजी और मजबूत मध्यक्रम पर भरोसा कर रही है, जबकि रेस्ट ऑफ ब्लू अपनी संतुलित टीम और ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर चुनौती पेश करेगी। दूसरी ओर विनायकम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार संतुलित प्रदर्शन किया है, जबकि सीडब्ल्यूआरडी की गेंदबाजी, विशेषकर पावरप्ले में, प्रभावशाली रही है।

शनिवार को भी मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के कारण मैच शुरू नहीं हो सका। इसके चलते आयोजकों ने दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रविवार को आयोजित करने का निर्णय लिया है।

क्रिकेट संघ के सचिव विनीत जायसवाल ने कहा कि अंक वितरण और प्रतिस्पर्धी मुकाबलों ने टूर्नामेंट को और अधिक रोचक बना दिया है। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल मुकाबले युवा खिलाडिय़ों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर होंगे और क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेगा।


अन्य पोस्ट