सरगुजा
राष्ट्रीय विधि विवि में मिला प्रवेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई। ओरिएंटल पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र शिवांग रॉय ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय देते हुए कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट ) 2026 में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। अपनी शानदार ऑल इण्डिया रैंक 3900 के आधार पर शिवांग ने देश के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों में से एक हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर में प्रवेश सुनिश्चित किया है।
शिवांग ने हाल ही में घोषित सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में भी मानविकी संकाय में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उनकी यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है।
विद्यालय के प्रारंभिक वर्षों से ही शिवांग एक अत्यंत प्रतिभाशाली, जिज्ञासु और समर्पित छात्र रहे हैं। उन्होंने न केवल अकादमिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, बल्कि विभिन्न सह-पाठ्यक्रम विधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने शिवांग की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। शिवांग की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा देगी।


