सरगुजा

राजस्व अफसर पर हमला, भाजपा विधायक-समर्थकों पर केस दर्ज
28-May-2026 11:30 PM
राजस्व अफसर पर हमला, भाजपा विधायक-समर्थकों पर केस दर्ज

 विधायक के बहन की रिपोर्ट पर नायब तहसीलदार के विरुद्ध भी अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 मई। सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक और प्रशासनिक भूचाल का रूप ले चुका है। राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी की शिकायत पर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ गंभीर एवं गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर विधायक पक्ष की शिकायत पर नायब तहसीलदार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज होने से मामला और गर्मा गया है।

जानकारी के मुताबिक 27 मई की शाम राजापुर तहसील तिराहे के पास कथित रूप से विवाद उस समय भडक़ उठा जब विधायक और उनके समर्थकों द्वारा शोध क्षमता प्रमाण पत्र पर तत्काल हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि मना करने पर विधायक समर्थकों ने नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।

नायब तहसीलदार ने अपनी शिकायत में विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम रजा, पंकज गुप्ता सहित 10-12 लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के दौरान एसडीएम सीतापुर फागेश सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे। शिकायत में कहा गया है कि एसडीएम ने बीच-बचाव नहीं किया होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

कोतवाली पुलिस ने मामले में विधायक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि मामला गैर-जमानती धाराओं में दर्ज होने के कारण राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

उधर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। महिला ने आरोप लगाया है कि तहसील कार्यालय में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जातिसूचक गाली दी गई तथा धक्का-मुक्की कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 79 के तहत जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पूरे जिले में इस मामले की जोरदार चर्चा है। प्रशासनिक अमले से लेकर राजनीतिक गलियारों तक घटनाक्रम को लेकर तनाव और हलचल का माहौल बना हुआ है।


अन्य पोस्ट