सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मई। सरगुजा रेंज साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के देवघर से छह अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को 5जी सिम अपडेट करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के नाम पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करते थे तथा बैंक खातों से रकम पार कर देते थे।
पुलिस के अनुसार पत्थलगांव निवासी उमेश खुटे ने सितंबर 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर एक लिंक भेजकर और 5जी सिम अपडेट करने के नाम पर उसके खाते से 5 लाख 53 हजार 900 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा ने जांच साइबर रेंज थाना को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने झारखंड के देवघर में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन, पासबुक, चेकबुक और 51 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पीएम डॉट आवास योजना, पीएम किसान योजना, आरटीओ चालान और परिवहन जैसे नामों से एपीके फाइल और लिंक भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता था, मोबाइल का एक्सेस आरोपियों के पास पहुंच जाता था। इसके बाद वे एसएमएस और ओटीपी की मदद से बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ई-सिम एक्टिवेट कर पीडि़तों के मोबाइल नंबर का नियंत्रण भी अपने पास ले लेते थे और यूपीआई के माध्यम से रकम अन्य खातों में ट्रांसफर कर एटीएम से निकाल लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतिदिन देशभर में करीब 2500 लोगों को एपीके फाइल भेजते थे। मुख्य आरोपी ने इसके लिए कई एजेंट भी रखे थे।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले कांसाबेल थाना क्षेत्र में भी इसी गिरोह द्वारा एपीके फाइल भेजकर करीब 29 लाख 15 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी। उस मामले में बैंक गार्ड समेत दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार दास, पप्पू महरा, प्रयाग दास, राजकुमार मंडल, आर्यन कुमार और नित्यानंद शामिल हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।


