सरगुजा

म्यूल अकाउंट पर पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
28-May-2026 11:28 PM
म्यूल अकाउंट पर पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 मई। साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना गांधीनगर क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

इन खातों के जरिए ऑनलाइन साइबर ठगी की कुल 1 लाख 44 हजार 200 रुपये की राशि आहरित किए जाने का खुलासा हुआ है।

पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से मिले निर्देश के बाद सरगुजा पुलिस लगातार म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना गांधीनगर पुलिस ने तीन अलग-अलग बैंक खातों और उनसे जुड़े मोबाइल नंबर धारकों पर कार्रवाई की।

पहले मामले में दर्रीपारा अंबिकापुर निवासी अभय रक्सेल के बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते के खिलाफ उत्तरप्रदेश से साइबर शिकायत दर्ज थी। जांच में खाते से 17 हजार 780 रुपये की साइबर ठगी राशि निकाले जाने की जानकारी मिली। आरोपी ने पूछताछ में अपना बैंक खाता दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की।

दूसरे मामले में उरांवपारा अंबिकापुर निवासी अम्बिका खलखो के बैंक खाते के खिलाफ बिहार से ऑनलाइन शिकायत दर्ज थी। जांच में खाते से 31 हजार 420 रुपये की संदिग्ध राशि का लेनदेन सामने आया। आरोपी ने भी अपना बैंक खाता अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराने की बात कबूल की।

तीसरे मामले में सरगवां निवासी सरद हलदार और किशुननगर निवासी राजा हलदार के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन दोनों के बैंक खाते और मोबाइल नंबर का उपयोग तेलंगाना से जुड़े साइबर फ्रॉड में किया गया था। जांच में खाते से 95 हजार रुपये की ठगी राशि निकाले जाने का पता चला। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपना बैंक खाता और मोबाइल नंबर 1500 से 2000 रुपये में दूसरे लोगों को दे दिया था।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है और साइबर ठगी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।


अन्य पोस्ट