सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मई। सरगुजा जिले में फर्जी लोन स्कीम के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक शिक्षिका समेत 10 लोगों को अपने जाल में फंसाकर करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
पुलिस के अनुसार सरगवां निवासी दिव्या एक्का ने 12 मई 2026 को थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि वह राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और घर निर्माण के लिए लोन लेने की योजना बना रही थीं। इसी दौरान उनके परिचित के माध्यम से अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप कंपनी के संचालक शिवशंकर दास से संपर्क हुआ। आरोपी ने खुद को बैंक से लोन दिलाने वाला प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए एक विशेष स्कीम का लालच दिया।
आरोपी ने पीडि़ता को विश्वास दिलाया कि कंपनी जितना भी लोन दिलाएगी, उसका 60 प्रतिशत कंपनी में जमा करना होगा, जबकि 40 प्रतिशत राशि पीडि़ता को मिलेगी। साथ ही यह भी कहा गया कि लोन की पूरी किस्त कंपनी खुद जमा करेगी। भरोसे में लेकर आरोपी ने पीडि़ता के आधार कार्ड, पैन कार्ड, सैलरी स्लिप और अन्य दस्तावेज व्हॉट्सऐप के जरिए हासिल कर लिए।
इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंकों से पीडि़ता के नाम पर करीब 41.08 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करा लिया। लोन राशि खाते में आने के बाद आरोपी और उसके सहयोगियों ने विभिन्न खातों में कुल 28 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। कुछ महीनों तक किस्त जमा करने के बाद आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया।
विवेचना के दौरान आरोपी शिवशंकर दास ने पूछताछ में स्वीकार किया कि क्रेशर व्यवसाय में नुकसान होने के कारण उसने फर्जी स्कीम बनाकर लोगों से रकम हासिल की थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अन्य 9 लोगों से भी इसी तरह करीब 3 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास (40 वर्ष) निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर, जिला सरगुजा को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


