सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मई। शहर के वार्ड क्रमांक 22 नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड के केना बांध तालाब के पास लंबे समय से बहुप्रतीक्षित बड़े नाले के निर्माण का भूमि पूजन महापौर मंजूषा भगत के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के मंजूर होने से वार्डवासियों को मौसमी जलभराव और जलनिकासी की गंभीर समस्या से निजात मिलेगी।
वार्डवासियों की दिक्कतों के समाधान के लिए नगर निगम ने कुल 22 लाख के बड़े नाले तथा 5.50 लाख की छोटी नाली स्वीकृत धनराशि के साथ नाले के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। प्रस्तावित नाले का निर्माण ऋषि पांडे के निवास से लेकर महेश चौबे के घर तक किया जाएगा, जिससे वार्ड के प्रमुख हिस्सों की पानी निकासी सुगम होगी और सडक़ों व आवासीय क्षेत्रों में पानी भरने की घटनाएँ कम होंगी।
उन्होांने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए नाली जलनिकासी के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इस स्वीकृति के पीछे वार्ड भ्रमण के दौरान मिली वास्तविक समस्याओं और अनुशंसाओं का अहम योगदान रहा।महापौर ने वार्ड पार्षद व एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता की सक्रियता व समर्पित प्रयासों का कई बार उल्लेख किया। एमआईसी श्वेता गुप्ता ने बताया कि वार्ड वासियों द्वारा लंबे समय से जलनिकासी संबंधी समस्याएँ नगर निगम को अवगत कराई जा रही थीं। उन्होंने व्यक्तिगत भ्रमण के दौरान समस्याओं का मुआयना किया और समाधान के लिए महापौर व संबंधित विभागों से लगातार संवाद करके यह स्वीकृति दिलवाई गई।
उन्होंने बताया कि जल्द ही ठेकेदारी प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नगर के कई बुजुर्गों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्वेता गुप्ता की पहल और जनता के साथ संवाद के लिए उनकी सराहना की।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पीडब्ल्यूडी प्रभारी मनीष सिंह, जलप्रदाय प्रभारी जितेन्द्र सोनी, महिला बाल विकास प्रभारी प्रियंका गुप्ता, वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद, गुरु नानक वार्ड के पार्षद शैलेंद्र सिंह, भाजपा नेता आकाश गुप्ता, कौशलेंद्र पांडेय, प्रियंका चौबे सरस्वती यादव अभिमन्यु तिवारी, आनंद सिंह, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, हर्ष जयसवाल, अजीत तिवारी, अरुण तिवारी, रामजी सोनी, गोलू तिवारी, मीरा तिवारी सीमा तिवारी, सुजीत तिवारी, संतोष चौधरी, रणविजय पांडे, चितरंजन सहाय, रामाश्रय मिश्रा, वीरेंद्र कुशवाहा, अक्षत पांडेय आदि बड़ी संख्या में मौजूद थे। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी तथा ठेकेदार भी भूमि पूजन में उपस्थित रहे।
वार्डवासियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में केना बांध क्षेत्र के पास पानी भरने और गंदा पानी खुले में बहने की समस्या सालों से बनी हुई थी। बड़े नाले के बन जाने से न केवल पर्यावरण स्वच्छ रहेगा बल्कि स्वास्थ्य एवं जनजीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों का यह भी कहना था कि सडक़ व नाली की मरम्मत व निर्माण से क्षेत्र की जमीन तथा आवासीय संपत्तियों का मूल्य भी बढ़ेगा।
एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता व नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि नाला निर्माण कार्य की तकनीकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है और जल्द ही कर कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा। कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों को असुविधा न हो, इसके लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे तथा निर्माण के बाद नियमित रखरखाव एवं साफ-सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।


