सरगुजा
त्रयम्बकेश्वर सिंह और आयांश द्विवेदी बने मैच के सितारे, फ्लडलाइट में चमके युवा खिलाड़ी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मई। सरगुजा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित एम एस सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 में मंगलवार को गांधी स्टेडियम ग्राउंड पर दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। फ्लडलाइट और पिंक बॉल के साथ खेले गए मैचों में युवा खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
पहले मुकाबले में सरगुजा रॉयल ने अजबनगर फाइटर को 48 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सरगुजा रॉयल ने निर्धारित 20 ओवर में 142 रन बनाए। टीम की ओर से त्रयम्बकेश्वर सिंह ने शानदार 63 रन और गगन बोस ने 35 रन की उपयोगी पारी खेली। जवाब में अजबनगर फाइटर की टीम 94 रन पर सिमट गई। गेंदबाजी में युग गोयल और रोहित ने 3-3 विकेट झटके। शानदार बल्लेबाजी के लिए त्रयम्बकेश्वर सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में रेस्ट ऑफ सरगुजा ब्लू ने सीडब्लूआरडी को रोमांचक मुकाबले में अंतिम ओवर में हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीडब्लूआरडी ने 9 विकेट पर 115 रन बनाए। गौरव ने 22 और लकी ने 23 रन का योगदान दिया। जवाब में रेस्ट ऑफ सरगुजा ब्लू ने लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। रूद्र अभिषेक ने 25 और स्वास्तिक केशरी ने 22 रन बनाए। सीडब्लूआरडी की ओर से आयांश द्विवेदी और सनी ओझा ने 3-3 विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए आयांश द्विवेदी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आयोजकों के अनुसार यह देश का पहला अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट है, जिसमें फ्लडलाइट के बीच रात्रिकालीन मुकाबले खेले जा रहे हैं। इससे युवा खिलाडिय़ों को आधुनिक क्रिकेट परिस्थितियों का अनुभव मिल रहा है।