सरगुजा

लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस की प्रथम संयुक्त बैठक, संगठन मजबूती पर जोर
24-May-2026 9:05 PM
लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस की प्रथम संयुक्त बैठक, संगठन मजबूती पर जोर

 नवनियुक्त पदाधिकारियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 24 मई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर द्वारा मंडल कमेटी, पोलिंग बूथ कमेटी एवं वार्ड-पंचायत कमेटी की प्रथम संयुक्त बैठक रविवार को जूनाडीह स्थित एसपीजे मल्टीप्लेक्स में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह देव के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक शामिल हुए। कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस, मंडल, बूथ एवं वार्ड-पंचायत कमेटियों के पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती एवं आगामी रणनीति को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने संगठन विस्तार, जनसंपर्क एवं आम जनता की समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, कांग्रेसी नेता विक्रमादित्य सिंहदेव, प्रदेश सचिव रणविजय सिंह देव तथा जिला उपाध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मंडल, बूथ एवं वार्ड समितियां कांग्रेस संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाइयां हैं और इन्हीं के माध्यम से पार्टी की विचारधारा आम जनता तक पहुंचती है।

बैठक में संगठन को गांव-गांव एवं बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के हाथों कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर वीरेन्द्र सिंह देव, हर्ष सिंह देव, गप्पू खान, सराफत अली, मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जगरोपण यादव, मुकेश सिंह, विनोद सिंह, भूखल राम, देवनारायण सिंह, दिनेश तायल, जमील खान, जिला सचिव इरशाद खान सहित ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी सतेंद्र राय, मुन्ना यादव, अशफाक खान, मोजीब खान, रामसूजन द्विवेदी, अजर राम चौधरी, भानु राजवाड़े आर्दिा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट