सरगुजा

हजरत बाबा मुराद शाह व मोहब्बत शाह वली के 3 दिनी उर्स का समापन, टीएस सिंहदेव ने बताया भाईचारे का प्रतीक
24-May-2026 9:03 PM
हजरत बाबा मुराद शाह व मोहब्बत शाह वली के 3 दिनी उर्स का समापन, टीएस सिंहदेव ने बताया भाईचारे का प्रतीक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 मई। हजरत बाबा मुराद शाह एवं हजरत बाबा मोहब्बत शाह वली रहमतुल्लाह अलैह का सालाना तीन दिवसीय उर्स रविवार को अकीदत और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा महाराज टी एस सिंह देव  उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में आदि बाबा साहब शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह उर्स हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचे श्रद्धालु अपने गांव और शहरों तक प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए अंजुमन कमेटी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि आदि बाबा साहब ने भी उर्स की प्रशंसा करते हुए इसे सरगुजा की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का प्रतीक बताया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने समापन अवसर पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम का फीता काटकर उद्घाटन किया। अंजुमन कमेटी द्वारा मंच पर परंपरागत पगड़ी बांधकर अतिथियों का सम्मान किया गया। दोनों अतिथियों ने मजार पर चादर चढ़ाकर देश-प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।

देर रात तक चले कव्वाली कार्यक्रम में मुस्तफा नाजा कव्वाल एवं तमन्ना बानो की प्रस्तुति का श्रद्धालुओं ने भरपूर आनंद लिया। अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी ने कार्यक्रम में शामिल होने पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान अफजाल अंसारी, जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, जावेद खान पिक्कू, सिकंदर खान, बंटी भाई, अब्दुल लतीफ, परवेज आलम गांधी, ईदु भाई, अनिक भाई, सिराजुल हुदा, नान बाबा, शादाब रिजवी, रकीब अंसारी, सहजेब अंसारी, आदिल सिद्दीकी, सफदर अली एवं आमिर अंसारी सहित अंजुमन कमेटी के सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

अंजुमन कमेटी ने पुलिस विभाग, फॉरेस्ट विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं बिजली विभाग के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही उर्स को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर पत्रकार बंधुओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। कमेटी ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हुआ, जिसके लिए सभी का शुक्रिया अदा किया गया।


अन्य पोस्ट