सरगुजा
राहगीरों को बांटी मेलोडी चॉकलेट, प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। अंबिकापुर शहर में अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं निगम क्षेत्र की जर्जर सडक़ों, बदहाल सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट और बजबजाती नालियों की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने शुक्रवार को संगम चौक पर चक्काजाम शुरू किया। चिलचिलाती धूप के बीच शाम 4 बजे से शुरू हुआ आंदोलन देर शाम तक जारी रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी हाथों में स्लोगन लिखे तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहगीरों और नागरिकों को मेलोडी चॉकलेट भी बांटी। इसके माध्यम से उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार में जनता समस्याओं को भूलकर तकलीफों के साथ जीने को मजबूर हो गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि इन जनसमस्याओं को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद द्वारा 18 मई को सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन इसके बावजूद समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी के विरोध में कांग्रेस ने चक्काजाम का निर्णय लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्याओं के निराकरण के लिए लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


