सरगुजा

सुरों का महाकुंभ: ‘तिनक धिन धा’ कॉन्टेस्ट में सरगुजा की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
22-May-2026 11:05 PM
सुरों का महाकुंभ: ‘तिनक धिन धा’ कॉन्टेस्ट में सरगुजा की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 22 मई। शहर की उभरती गायन प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोडऩे के उद्देश्य से सप्त सुरम ट्रस्ट द्वारा ‘तिनक धिन धा कराओके सिंगिंग कॉन्टेस्ट’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 15 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को शामिल किया गया है।

आयोजन समिति के अनुसार 23 मई को सुबह 10.30 से शाम 6.30 बजे तक होटल अलंकार, ब्रह्म रोड में ऑडिशन आयोजित होगा, जबकि ग्रैंड फिनाले 24 मई को शाम 5.30 से रात 11 बजे तक राज मोहनी ऑडिटोरियम में होगा। अब तक करीब 60 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है। प्रवेश शुल्क 800 रुपये रखा गया है।

सप्त सुरम ट्रस्ट के कैप्टन तरुण कुमार ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की फीस माफ की जा रही है। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली युवाओं को सही मंच और अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि आज युवा नशे जैसी गलत प्रवृत्तियों की ओर बढ़ रहे हैं, ऐसे में सांस्कृतिक गतिविधियां उन्हें सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बन सकती हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रहा है।

 आयोजक ट्रस्ट की तनुश्री सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का चयन रिदम मेंटेन, सांग सिलेक्शन और प्रेजेंटेशन के आधार पर किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 7100 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा टॉप-15 प्रतिभागियों को मोमेंटो व प्रमाण पत्र तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। रायपुर के शुभम दीक्षित, बिलासपुर के अरशद खान, रुचि कटकवार और आकाश सूर्यवंशी जैसे प्रतिभागियों ने इसी मंच से सफलता हासिल की है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि अखिलेश सोनी, महापौर मंजूषा भगत तथा विशिष्ट अतिथि सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ पार्षद विजय सोनी ने कहा कि बच्चों को आगे बढ़ाने का यह सराहनीय प्रयास है और शहरवासियों व जनप्रतिनिधियों का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं रंजय स्वर्णकार ने कहा कि सरगुजा की प्रतिभाओं को मंच मिलना गर्व की बात है।

कार्यक्रम में सहयोगी के रूप में हरमिंदर सिंह टिन्नी, विजय सोनी, रंजय स्वर्णकार, मुकेश अग्रवाल, आलोक दुबे, लक्ष्मी जायसवाल, गजेन्द्र श्रीवास्तव, नरेंद्र सिंह टूटेजा, दिलीप धर और प्रमोद चौधरी शामिल रहेंगे। विशेष सहयोगियों में वंदना दत्ता, राजेश जायसवाल, शशि सिन्हा, जयेश वर्मा, बबीता विश्वास और मोनिका भागवत शामिल हैं। निर्णायक मंडल में वंदना दत्ता, राजेश जायसवाल और आलोक भट्टाचार्य रहेंगे। आयोजन समिति में एडवोकेट शिवनारायण सोनी, शशि पूनम, तनुश्री सोनी, सीमा सूदन, डॉ. आलोक भट्टाचार्य, बीरेन्द्र प्रसाद, मंजुला जोशी, राम भगत अग्रवाल, प्रदीप विश्वास, पूनम सिंह, हेमंत लालपुरी, शवाना शेख और संध्या पाठक सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।


अन्य पोस्ट