सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 मई। पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर उन्हें राजीव भवन में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि मुंबई में हुए कांग्रेस के शताब्दी वर्ष अधिवेशन में राजीव गांधी ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पदयात्रा का आव्हान किया था जिस पर कांग्रेस सेवादल ने पूरे देश में पदयात्रा कर कांग्रेस को मजबूती दी थी। आज हमारे वरिष्ठ नेता राहुल गांधी इसी प्रेरणा को आगे बढ़ा रहे हैं।
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने कहा कि राजीव गांधी जी ने राजनीतिक विकेंद्रीकरण की दिशा में कार्य करते हुए देश में पंचायत और नगरीय निकाय के चुनाव की नींव रखी थी। उनकी दूरदर्शी नीतियों का नतीजा स्थानीय निर्वाचन में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण था जिसकी बदौलत आज इस देश मे मातृशक्ति एक बड़ी राजनीतिक शक्ति बन गई है।
सभा को सत्येन्द्र तिवारी, दुर्गेश गुप्ता, सतीश बारी, नीतीश चौरसिया ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया।
पुण्यतिथि पर याद किये गए यू एस बाबा
सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व उमेश्वर शरण सिंहदेव को उनकी पुण्य तिथि पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आज ही के दिन 2019 में 78 वर्ष की आयु में उनका निधन हुआ था। सरगुजा संभाग में उन्हें सहकारिता का पितामह भी कहा जाता था। सहकारिता क्षेत्र में उनके योगदान पर इफको के द्वारा उन्हें अपने सर्वोच्च पुरुस्कार सहकारिता बंधु से भी नवाजा था।


