सरगुजा

भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था चरमराई, रोजाना कटौती पर हंगामा
21-May-2026 10:22 PM
भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था चरमराई, रोजाना कटौती पर हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 मई। अंबिकापुर शहर में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार बढ़ रहे तापमान और बिजली की बढ़ी मांग के कारण शहर की विद्युत व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। ओवरलोड की स्थिति बनने से कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से बिजली विभाग कार्यालय में लोगों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। बुधवार रात स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कर्मचारियों को कार्यालय छोडक़र बाहर निकलना पड़ा।

सीएसपीडीसीएल के डीई जय प्रकाश राजवाड़े ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल फीडरों के मेंटनेंस कार्य को रोका जा रहा है और अगले सप्ताह नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। विभाग व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के प्रयास में जुटा है।

शहर में एसी, कूलर और पंखों के बढ़ते उपयोग से बिजली खपत अचानक बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन ट्रांसफार्मरों की क्षमता 60 से 70 एम्पियर है, वहां लोड बढक़र 97 से 98 एम्पियर तक पहुंच रहा है। अधिक दबाव के कारण ट्रांसफार्मर फेल हो रहे हैं और कई स्थानों पर बिजली तार टूटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। परिणामस्वरूप शहर में रोज कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है और सुधार कार्य में घंटों लग रहे हैं।

फीडर में फाल्ट से डेढ़ घंटे बंद रही सप्लाई

बुधवार रात करीब 10 बजे बांगो से अंबिकापुर के बीच विश्रामपुर क्षेत्र के फीडर में फाल्ट आने से सरगुजा और बलरामपुर जिलों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। विभाग ने ओवरलोड को इसकी मुख्य वजह बताया है। अधिकारियों के अनुसार गैस की कमी के चलते बड़ी संख्या में लोग इंडक्शन चूल्हों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे अतिरिक्त लोड बढ़ रहा है। फीडर की मरम्मत के बाद देर रात बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

बिजली कार्यालय में लोगों का हंगामा

लगातार बिजली कटौती से नाराज लोग बीते तीन दिनों से बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर विरोध जता रहे हैं। बुधवार रात मायापुर स्थित विद्युत कार्यालय में लोगों ने जमकर हंगामा किया। बिजली गुल रहने से लोगों को रातभर गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। आरोप है कि विभागीय अधिकारी फोन बंद कर ले रहे हैं, जबकि टोल फ्री नंबर लगातार व्यस्त मिल रहा है, जिससे शिकायत दर्ज कराने में भी दिक्कत हो रही है।

कार्यालय में बढ़ती भीड़ और लोगों के गुस्से को देखते हुए कर्मचारियों को रात में कार्यालय छोडऩा पड़ा। इधर, कई क्षेत्रों में प्री-मानसून मेंटनेंस के चलते भी बिजली आपूर्ति बाधित रही।

प्री-मानसून मेंटनेंस भी बना परेशानी की वजह

बिजली विभाग द्वारा 13 मई से 21 मई तक प्री-मानसून मेंटनेंस का कार्य किया जा रहा है। हालांकि अत्यधिक गर्मी और बढ़े लोड के कारण कई क्षेत्रों में मेंटनेंस कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका है। गांधीनगर जोन के 17 फीडरों में से केवल 3 का मेंटनेंस पूरा हो पाया है, जबकि मायापुर जोन के 12 में से 11 फीडरों का कार्य पूरा कर लिया गया है।


अन्य पोस्ट