सरगुजा

कम्पनी बाजार की 29 दुकानों के हस्तांतरण को निरस्त करने व जांच की मांग
19-May-2026 9:50 PM
कम्पनी बाजार की 29 दुकानों के हस्तांतरण को निरस्त करने व जांच की मांग

अंबिकापुर, 19 मई। नगर पालिक निगम क्षेत्र के कम्पनी बाजार में आईडीएसएमटी योजना के तहत आवंटित 29 दुकानों के कथित अवैध हस्तांतरण का मामला सामने आया है। गोधनपुर निवासी कैलाश मिश्रा ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर दुकानों के हस्तांतरण को निरस्त करने तथा मामले की जांच कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि कम्पनी बाजार में रजाई-गद्दा व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को वर्ष 2015 में आईडीएसएमटी योजना के अंतर्गत 29 दुकानों का हस्तांतरण किया गया, जबकि योजना में केवल आवंटन का प्रावधान है, हस्तांतरण का नहीं। आरोप है कि यह प्रक्रिया कलेक्टर के अनुमोदन के बिना पूरी की गई, जो नियमों के विपरीत है।

आवेदक ने छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि योजना के अंतर्गत दुकानों के आवंटन के लिए कलेक्टर की स्वीकृति आवश्यक होती है। इसके बावजूद कथित रूप से बिना अनुमोदन के दुकानों का हस्तांतरण कर दिया गया।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित दुकानों से पिछले करीब 11 वर्षों से किराये की राशि भी नहीं ली गई है, जिससे नगर निगम को राजस्व नुकसान हो रहा है।

बताया गया कि पूर्व में सामान्य सभा की बैठक में मामले की जांच कराने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक कोई जांच रिपोर्ट या कार्रवाई सामने नहीं आई है। आवेदक ने कलेक्टर से मांग की है कि दुकानों को खाली कराकर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में लिया जाए, ताकि उनकी समुचित व्यवस्था कर निगम की आय बढ़ाई जा सके।


अन्य पोस्ट