सरगुजा

अमेरिका से लौटेगी ‘अवलोकितेश्वर’ की दुर्लभ कांस्य प्रतिमा, रायपुर संग्रहालय में होगी पुनस्र्थापना
18-May-2026 10:07 PM
अमेरिका से लौटेगी ‘अवलोकितेश्वर’ की दुर्लभ कांस्य प्रतिमा, रायपुर संग्रहालय में होगी पुनस्र्थापना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 18 मई। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। रायपुर स्थित महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय से चोरी हुई भगवान अवलोकितेश्वर की दुर्लभ कांस्य प्रतिमा अब अमेरिका से भारत लौटने जा रही है। करीब 19 करोड़ की इस ऐतिहासिक प्रतिमा को पुन: छत्तीसगढ़ लाने और संग्रहालय में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने औपचारिक पहल शुरू कर दी है।

पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर प्रतिमा को छत्तीसगढ़ वापस भेजने का आग्रह किया है। जानकारी के अनुसार प्रतिमा अभी भारत नहीं पहुंची है, लेकिन उसके आगमन के बाद राज्य शासन उसे रायपुर लाकर पुनस्र्थापित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। मंत्री राजेश अग्रवाल प्रतिमा की रिसीविंग के लिए दिल्ली जाने की तैयारी में हैं।

बताया गया है कि अमेरिका ने हाल के वर्षों में भारत को 657 प्राचीन एवं ऐतिहासिक कलाकृतियां लौटाई हैं, जिनमें यह दुर्लभ प्रतिमा भी शामिल है। इसे भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों की वापसी की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह प्रतिमा वर्ष 1939 में महासमुंद जिले के प्रसिद्ध पुरातात्विक स्थल सिरपुर स्थित लक्ष्मण मंदिर परिसर के पास प्राप्त हुई थी। बाद में इसे महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में सुरक्षित रखा गया था, जहां से यह चोरी हो गई थी।

इतिहासकारों के अनुसार प्रतिमा पर अंकित शिलालेख में ‘द्रौणग्रिदत्त’ नाम का उल्लेख मिलता है, जो इसके ऐतिहासिक महत्व को और बढ़ाता है।

राज्य सरकार ने कहा है कि अवलोकितेश्वर प्रतिमा की वापसी से छत्तीसगढ़ की बौद्ध परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


अन्य पोस्ट