सरगुजा

म्यूल अकाउंट में करोड़ों के ट्रांजेक्शन, आरोपी गिरफ्तार
18-May-2026 10:02 PM
म्यूल अकाउंट में करोड़ों के ट्रांजेक्शन, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर,18 मई। ऑनलाइन ठगी और सट्टे के पैसों के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

गांधीनगर थाना पुलिस के अनुसार प्रार्थी वैभव सूर्यवंशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नवापारा निवासी सुमित सिंह और अनुज सिंह ने घर निर्माण के लिए राशि के लेन-देन का हवाला देकर उसके नाम पर आईडीबीआई बैंक में दो खाते खुलवाए थे। बाद में दोनों आरोपी एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक अपने पास ले गए।

कुछ समय बाद प्रार्थी को जानकारी मिली कि उसके एक खाते से करीब 80 लाख रुपये और दूसरे खाते से लगभग एक करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। इसके बाद उसने बैंक में आवेदन देकर खाते बंद करवाए और थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी अनुज सिंह ने स्वीकार किया कि वह विभिन्न लोगों से बैंक खाते लेकर उनमें ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टे की रकम का लेन-देन व आहरण करता था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी अनुज सिंह, निवासी नवापारा गांधीनगर, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक बीते 10 दिनों में म्यूल अकाउंट से जुड़े चार मामलों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सरगुजा पुलिस ने युवाओं से ऐसे अवैध कार्यों से दूर रहने की अपील की है।


अन्य पोस्ट