सरगुजा

नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग
16-May-2026 11:31 PM
नीट पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो- युवा कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 मई। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी पर सवाल उठाए हैं। युवा कांग्रेस आरटीआई सेल चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही गड़बडिय़ों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों एवं अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है। छात्र वर्षों की मेहनत, आर्थिक परेशानियों और मानसिक दबाव के बीच परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार हो रही अनियमितताओं से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

हिमांशु जायसवाल ने कहा कि अभिभावक महंगाई के दौर में कर्ज लेकर बच्चों की पढ़ाई और कोचिंग का खर्च उठाते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था की खामियों के कारण छात्रों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही घटनाएं किसी बड़े नेटवर्क या संरक्षण की ओर संकेत करती हैं।

युवा कांग्रेस ने मांग की है कि नीट परीक्षा में हुई सभी अनियमितताओं और पेपर लीक मामलों की समयबद्ध एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी दोषी को बचने का अवसर न मिले। साथ ही परीक्षा माफियाओं, संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए कठोर सजा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

विज्ञप्ति में प्रभावित छात्रों को आर्थिक, मानसिक और शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है। युवा कांग्रेस ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का समय और भविष्य इस अव्यवस्था से प्रभावित हुआ है, उनकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

संगठन ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी  को प्रतिबंधित कर किसी निष्पक्ष संस्था से परीक्षाएं कराने की मांग भी की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया है।


अन्य पोस्ट