सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,15 मई। मामूली विवाद में तलवार लेकर मारपीट करने के मामले में कोतवाली थाना अंबिकापुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महामाया पेट्रोल पंप के पीछे खटिकपारा नमनाकला निवासी अंजनी सारथी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई को मोहल्ले का लेदरी अपने साथियों गोपी और गोलू के साथ तलवार लेकर पहुंचा और तलवार के हत्थे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोट आई।
प्रार्थिया की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299, 351(2), 115(2), 3(5) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने विशाल दास निवासी नागम पसेना थाना लुंड्रा, गोपी चौधरी नमनाकला खटिकपारा तथा रवि गुप्ता उर्फ गोलू नमनाकला अंबिकापुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार जब्त कर 14 मई को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया।


