सरगुजा

बाल विवाह रोकथाम और बालिका शिक्षा पर नुक्कड़ नाटक का समापन
15-May-2026 10:25 PM
बाल विवाह रोकथाम और बालिका शिक्षा पर नुक्कड़ नाटक का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर,15 मई। सरगुजा जिला के विकासखंड सीतापुर में बाल विवाह रोकथाम एवं बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित जनजागरूकता अभियान के तहत सी-3 संस्था द्वारा आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का समापन ग्राम पंचायत सहनपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज संस्था के माध्यम से किया गया।

कार्यक्रम में पंचायत क्षेत्र के लगभग 150 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संस्था द्वारा उपस्थित लोगों एवं गणमान्य नागरिकों से फीडबैक भी लिया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणाम, इससे संबंधित कानूनी प्रावधान तथा बालिका शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

टीकाराम साहू एवं उनकी टीम ने अभिनय के जरिए लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि एक शिक्षित लडक़ी परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही बाल विवाह से होने वाले सामाजिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम पंचायत सहनपुर की सरपंच श्रीमती अनीता मरावी ने सेंटर फॉर कैटलाइजिंग चेंज संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से बाल विवाह नहीं करने की अपील भी की।

संस्था की ओर से जानकारी दी गई कि सीतापुर विकासखंड के 25 गांवों में बाल विवाह रोकथाम एवं बालिका शिक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।


अन्य पोस्ट