सरगुजा

मूरता क्लस्टर शिविर में 1405 आवेदन, 72 मामलों का निराकरण
15-May-2026 10:24 PM
मूरता क्लस्टर शिविर में 1405 आवेदन, 72 मामलों का निराकरण

सांसद चिंतामणि महाराज ने बिजली बिल जांच और श्रम पंजीयन में तेजी लाने के दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददात

अम्बिकापुर, 15 मई। सुशासन तिहार के अंतर्गत सीतापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत मूरता क्लस्टर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। शिविर में 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1405 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 1374 मांग एवं 31 शिकायतों के आवेदन शामिल रहे। प्रशासन द्वारा 72 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजा गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

सांसद ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से खुलकर अपनी समस्याएं रखने की अपील करते हुए जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्रीय समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

उन्होंने राजस्व मामलों जैसे फौती, सीमांकन और बंटवारा के प्रकरणों में निर्धारित प्रारूप में आवेदन देने की बात कही, ताकि त्वरित निराकरण संभव हो सके। बिजली विभाग को अधिक बिजली बिलों की जांच कर पात्र हितग्राहियों को बिजली बिल छूट योजना का लाभ दिलाने तथा श्रम विभाग को अधिकाधिक श्रमिकों का पंजीयन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को डीएमएफ मद से नीट कोचिंग के लिए रायपुर भेजा जा रहा है, जबकि अन्य विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं के विकास में जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की।

29 विभागों ने लगाए स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी

शिविर में राजस्व, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्कूल शिक्षा सहित 29 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण पत्र और सामग्री

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग ने पांच किसानों को स्प्रे पंप, पंचायत विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र एवं खुशियों की चाबी सौंपी। मनरेगा के तहत जॉब कार्ड, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड, मत्स्य विभाग ने जाल एवं आइस बॉक्स तथा वन विभाग ने वन अधिकार धारकों को फौती नामांतरण दस्तावेज प्रदान किए। स्कूल शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को जाति प्रमाण पत्र वितरित कर बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद चिंतामणि महाराज ने ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट